राज्य

सवाल उठाना लोकतांत्रिक अधिकार, लेकिन एजेंडा चलाने की भावना नहीं होनी चाहिए : धामी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने और राजनीतिक एजेंडा चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सवाल उठाना लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन किसी एक आपत्ति के आधार पर निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए। संस्थागत पारदर्शिता के लिए आयोग ने हर कदम उठाया है। कांग्रेस जिस तरह से लगातार नए-नए मुद्दे उठाकर माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, जनता उसके बारे में सब जानती है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कॉमेडी करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के सम्मान से खिलवाड़ किया गया, इसे उत्तराखंड के लोग कभी माफ नहीं करेंगे। इससे पहले जनरल बिपिन रावत के सम्मान को लेकर भी कांग्रेस की ओर से गलत शब्दावली का प्रयोग किया गया था।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के दौरान हुए गोलीकांड और माताओं-बहनों के साथ हुए व्यवहार को प्रदेश की जनता भूली नहीं है। उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस की उत्तराखंड को लेकर क्या सोच रही है, यह पूरे राज्य को पता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आए दिन नए-नए एजेंडे चलाती है, लेकिन उनका हश्र भी जनता के सामने है।

मुख्यमंत्री ने नकल विरोधी कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि उत्तराखंड सरकार ने किसी नकल माफिया को जेल नहीं भेजा, जबकि प्रदेश में सौ से अधिक नकल माफिया जेल जा चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हल्द्वानी में भी इसी तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि हवन होने से पहले किसी के खिलाफ हवन किए जाने की कोई खबर सामने आई थी क्या? सरकार के खिलाफ आरोप लगाने वाली कांग्रेस कोई सबूत नहीं दे सकी। उत्तराखंड में सभी जाति और समाज के लोग मिलकर देवी-देवताओं का आह्वान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दलित राजनीति को लेकर माहौल बनाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अब लोग उसके झूठ में आने वाले नहीं हैं।

धामी ने कहा कि कांग्रेस को हार का अहसास हो गया है, इसलिए वह ऐसे मुद्दे उठा रही है। दिल्ली से कांग्रेस की राष्ट्रीय टीम बार-बार उत्तराखंड के मुद्दे उठा रही है, क्योंकि प्रदेश में कांग्रेस कुछ नहीं कर पा रही है। इसी वजह से दिल्ली में बैठे कांग्रेस के केंद्रीय नेता मोर्चा संभाल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को अभी लंबे समय तक हार का ही अहसास होना है। कांग्रेस की दाल अब गलने वाली नहीं है। नई पीढ़ी भी पुराने समय के बारे में जान रही है कि किस तरह घोटाले होते थे और सरकार रिमोट से चलती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button