पटवारियों ने कहा त्रुटिपूर्ण अभिलेखों के आधार पर स्वामित्व पंजीयन से बढ़ सकते हैं विवाद, सक्षम अधिकारी लें जिम्मेदारी
स्वामित्व योजना का विरोध नहीं, पटवारियों पर अतिरिक्त कानूनी जिम्मेदारी मंजूर नहीं

पन्ना। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना को लेकर प्रांतीय पटवारी संघ भोपाल की जिला शाखा पन्ना ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर अपना पक्ष रखा। संघ ने स्पष्ट किया कि वह स्वामित्व योजना अथवा आमजन को संपत्ति संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के विरोध में नहीं है, लेकिन पटवारियों को व्यक्तिगत रूप से निष्पादक बनाकर अतिरिक्त कानूनी जिम्मेदारी सौंपे जाने पर आपत्ति है।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि स्वामित्व योजना पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित है, इसलिए इसका क्रियान्वयन भी मूल विभाग के माध्यम से कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संपत्ति के विक्रय अथवा अन्य निष्पादन से संबंधित जिम्मेदारी किसी सक्षम एवं अधिकृत राजपत्रित अधिकारी को दी जानी चाहिए। संघ का कहना है कि पटवारियों पर ऐसी अतिरिक्त कानूनी जिम्मेदारी डालने से भविष्य में उन्हें अनावश्यक विवादों और कानूनी प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ सकता है।
अभिलेखों की त्रुटियां दूर करने की मांग
पटवारी संघ ने स्वामित्व अधिकार अभिलेखों में दर्ज जानकारी की त्रुटियों और विसंगतियों को पहले दूर करने की मांग की। संघ के अनुसार इन अभिलेखों के आधार पर नामांतरण, बंटवारा और बैंक ऋण जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं संचालित की जा रही हैं। यदि अभिलेखों में मौजूद त्रुटियों का निराकरण किए बिना उनके आधार पर संपत्ति का पंजीयन किया जाता है तो भविष्य में विवाद उत्पन्न होने की आशंका रहेगी।
संघ ने कहा कि गलत अथवा अपूर्ण जानकारी के आधार पर तैयार दस्तावेजों के कारण संपत्ति संबंधी विवाद बढ़ सकते हैं और मामले न्यायालय तक पहुंच सकते हैं। इसलिए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले अभिलेखों का परीक्षण और आवश्यक सुधार कराया जाना जरूरी है।
प्रेस कांफ्रेंस में जिला सचिव रेवती रमण मिश्रा, कोषाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष शत्रुघ्न सोनी सहित संदीप मिश्रा, सत्यकांत शुक्ला, रघुनाथ प्रसाद अहिरवार, दीपक सिंह, ऋषभ सिंह बुंदेला, अविनाश श्रीवास्तव एवं अन्य पटवारी मौजूद रहे।



