गड़ा धन तलाशने पन्ना टाइगर रिजर्व पहुंचे आठ संदिग्ध, चार गिरफ्तार
पन्ना टाइगर रिजर्व के चंद्रनगर रेंज में कार्रवाई, मेटल डिटेक्टर सहित उपकरण बरामद; पूछताछ में सामने आएगा असली मकसद

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के चंद्रनगर रेंज क्षेत्र में जंगल के भीतर मेटल डिटेक्टर लेकर पहुंचे करीब आठ संदिग्धों के मामले ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। मनियागढ़ की पहाड़ी स्थित महादेव घाट के पास टाइगर रिजर्व के जंगल में संदिग्धों के पहुंचने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान चार लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य के मौके से भाग निकलने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग की टीम ने मौके से मेटल डिटेक्टर मशीन सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संदिग्ध मनियागढ़ की पहाड़ी क्षेत्र में पुराने खंडहरों के आसपास किसी प्रकार की धातु अथवा कथित गड़े धन की तलाश के उद्देश्य से पहुंचे थे। हालांकि, वे वास्तव में किस मकसद से जंगल में गए थे और बरामद उपकरणों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, यह जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुराने खंडहरों ने बढ़ाया संदेह
मनियागढ़ की पहाड़ी क्षेत्र ऐतिहासिक महत्व वाला इलाका बताया जाता है। यहां पुराने किले और खंडहरों के अवशेष मौजूद होने की जानकारी मिलती रही है। ऐसे में मेटल डिटेक्टर लेकर संरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका यह भी जताई जा रही है कि संदिग्ध खंडहरों के आसपास किसी पुरानी वस्तु या धातु की तलाश कर रहे थे। हालांकि, खुदाई किए जाने अथवा किसी पुरातात्विक वस्तु की बरामदगी की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व की टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने की कार्रवाई की। चार लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं मौके से फरार हुए अन्य लोगों की भूमिका और उनके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन पूरे मामले की जांच कर रहा है। वन विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि संदिग्धों ने संरक्षित क्षेत्र में प्रवेश कैसे किया और उनके पास मौजूद मेटल डिटेक्टर सहित अन्य उपकरणों का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।



