पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

पन्ना को मिली 23 चिकित्सकों की सौगात, 17 ने संभाला कार्यभार

विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह के प्रयासों पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पत्र लिखकर दी जानकारी

पन्ना। जिले में चिकित्सकों की कमी दूर करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में 23 बंधपत्र चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इनमें से 17 चिकित्सक कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं, जबकि शेष छह की ज्वाइनिंग होना बाकी है।

मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 9 अक्टूबर 2026 को पत्र क्रमांक 2512 के माध्यम से विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह को नियुक्तियों की जानकारी दी है। पत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में आने वाली स्थानीय व्यावहारिक कठिनाइयों के निराकरण के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने की बात भी कही गई है।

जिला अस्पताल को सात, अजयगढ़ को मिले तीन चिकित्सक

नियुक्तियों के तहत जिला चिकित्सालय पन्ना में सर्वाधिक सात चिकित्सकों ने कार्यभार संभाला है। इनमें डॉ. गोविंद सिंह तोमर, डॉ. अखिल बुधौलिया, डॉ. बंटी प्रजापति, डॉ. सम्यक जैन, डॉ. अमन गौतम, डॉ. उदल सिंह और डॉ. पवन माहौर शामिल हैं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ में डॉ. अनस सुल्तान, डॉ. विकास कट्रोलिया और डॉ. विक्रम राजपूत ने ज्वाइन किया है। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ीखेड़ा में डॉ. अभिषेक शर्मा एवं डॉ. हिमांशु उपाध्याय की पदस्थापना हुई है।

इसके अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बराछ में डॉ. प्रक्षाल जैन, धरमपुर में डॉ. नेहा गुप्ता, बरियारपुर में डॉ. ऋषभ तिवारी, ककरहटी में डॉ. शिवांशी श्रीवास्तव तथा इटवाकला में डॉ. आदर्श गर्ग ने कार्यभार ग्रहण किया है।

शेष छह चिकित्सकों की ज्वाइनिंग भी जल्द कराने के प्रयास : विधायक

विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पन्ना विधानसभा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से आमजन को स्थानीय स्तर पर उपचार प्राप्त करने में सुविधा होगी।

उन्होंने पन्ना में मेडिकल कॉलेज के निर्माण को भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से भविष्य में जिलेवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों, उच्च स्तरीय उपचार और आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने शेष छह चिकित्सकों की शीघ्र ज्वाइनिंग सुनिश्चित कराने और स्वास्थ्य संस्थाओं में नियमित चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button