बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र को मिली विकास की सौगात
विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने किया तीन भवनों का लोकार्पण

75 लाख के दो अटल सुशासन भवन और 2.95 करोड़ की लागत से निर्मित छह बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हुआ शुभारंभ
पन्ना। बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र में ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में तीन महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने ग्राम पंचायत बृजपुर और गजना में नवनिर्मित अटल सुशासन भवनों तथा पहाड़ीखेरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण कर इन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
ग्राम पंचायत बृजपुर और गजना में 37 लाख 50 हजार रुपये की लागत से एक-एक अटल सुशासन भवन का निर्माण कराया गया है। दोनों भवनों की कुल लागत 75 लाख रुपये है। वहीं पहाड़ीखेरा में 295.45 लाख रुपये की लागत से निर्मित छह बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया गया।
गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता : विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गांवों का समग्र विकास और आमजन तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई हैं। नए अटल सुशासन भवनों से पंचायतों का कामकाज व्यवस्थित होगा और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि पहाड़ीखेरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। क्षेत्र में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर बृजपुर मंडल अध्यक्ष धीरू बाजपेई, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेंद्र तिवारी, सरपंच बृजमोहन यादव, जिला पंचायत सदस्य प्रभा आदिवासी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय, जिला पंचायत सीईओ उमराव मरावी, जनपद पंचायत सीईओ श्री तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


