नि:शुल्क नेत्र शिविर में हुई जांच, जरूरतमंदों को बांटे चश्मे
शरद पूर्णिमा महोत्सव पर धामी जागनी कार्यसेवक संघ की पहल

पन्ना। अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में धामी जागनी कार्यसेवक संघ द्वारा श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के संरक्षण में शनिवार, 24 अक्टूबर को नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने आंखों की जांच कराई। शिविर में आधुनिक मशीनों के माध्यम से विशेषज्ञों ने नेत्र परीक्षण कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद चश्मे की जरूरत वाले जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराना और आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान सुनिश्चित करना था। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस जनसेवी पहल की सराहना की। आयोजन समिति ने बताया कि समाजहित एवं जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।




