पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराजनीती

अधिवक्ता संघ चुनाव का बिगुल बजा, पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए छह दावेदार मैदान में

अधिवक्ता संघ चुनाव का बिगुल बजा, पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए छह दावेदार मैदान में

पांच नवंबर को मतदान के बाद उसी दिन आएंगे नतीजे

पन्ना। जिला अधिवक्ता संघ पन्ना के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही अधिवक्ताओं के बीच चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार को नामांकन पत्र वितरण के पहले दिन विभिन्न पदों के लिए दावेदारों ने उत्साह दिखाया। सबसे अधिक हलचल अध्यक्ष पद को लेकर देखने को मिली, जिसके लिए पहले ही दिन छह अधिवक्ताओं ने नाम निर्देशन पत्र खरीदे। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं संघ के पूर्व उपाध्यक्ष देवेन्द्र खरे टिक्कू की दावेदारी सामने आने के बाद अध्यक्ष पद का मुकाबला और दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं। निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता विनय पूनियां और उप निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद असलम खान ने निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत नामांकन पत्रों का वितरण किया। पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए अशोक कुमार सक्सेना, शारदा प्रसाद सिंगरौल, राजेश दीक्षित, अरविंद खरे, विद्याधर त्रिपाठी और देवेन्द्र खरे टिक्कू ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। सचिव पद के लिए भी चार दावेदार सामने आए हैं। इनमें प्रवीण खरे, आशीष तिवारी, राहुल खरे और मनोज सोनी शामिल हैं। वहीं महिलाओं के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष पद पर पप्पी पटेल तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कैलाश गुप्ता मोदी ने नामांकन पत्र लिया। अन्य पदों के लिए पहले दिन कोई दावेदार सामने नहीं आया। अधिवक्ता संघ के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके वरिष्ठ अधिवक्ता देवेन्द्र खरे टिक्कू के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने से चुनावी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। पहले दिन ही छह दावेदार सामने आने से अध्यक्ष पद पर बहुकोणीय मुकाबले की संभावना बन रही है। हालांकि, नामांकन पत्र खरीदने वाले सभी अधिवक्ता चुनाव मैदान में बने रहेंगे या नहीं, यह नामांकन जांच और नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट होगा। आने वाले दिनों में अन्य दावेदारों के सामने आने की भी संभावना है। निर्वाचन अधिकारी विनय पूनियां एवं उप निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद असलम खान ने बताया कि नामांकन पत्रों का वितरण और दाखिला 16 से 23 अक्टूबर तक दोपहर 3ः30 बजे तक होगा। नामांकन पत्रों की जांच 24 अक्टूबर को तथा वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन 26 अक्टूबर को दोपहर 3ः30 बजे किया जाएगा। प्रत्याशी 27 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन शाम पांच बजे अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित होगी। मतदान 5 नवंबर को शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल अधिवक्ता संघ में चुनावी माहौल बनने लगा है। अध्यक्ष और सचिव पद पर शुरुआती दावेदारों की संख्या को देखते हुए इस बार मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button