पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

जिला अभिभाषक संघ की कमान फिर संभालेंगे अशोक सक्सेना

साक्षी दुबे उपाध्यक्ष, राहुल खरे सचिव और पंकज कुमार गर्ग सह सचिव निर्वाचित

चार पदों के लिए हुए चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साह से किया मतदान

पन्ना। जिला अभिभाषक संघ के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही सरगर्मियां गुरुवार, 5 नवंबर को मतदान और मतगणना के साथ समाप्त हो गईं। संघ के चार प्रमुख पदों के लिए हुए चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुनाव का सबसे दिलचस्प मुकाबला अध्यक्ष पद के लिए देखने को मिला, जिसमें पूर्व अध्यक्ष अशोक सक्सेना ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए संघ की कमान अपने हाथों में दोबार ली। वहीं उपाध्यक्ष पद पर साक्षी दुबे, सचिव पद पर राहुल खरे और सह सचिव पद पर पंकज कुमार गर्ग निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद के लिए अशोक सक्सेना, राजेश दीक्षित, शारदा प्रसाद सिंगरौल और विद्याधर त्रिपाठी चुनाव मैदान में थे। चारों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। अध्यक्ष पद के लिए कुल 348 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतगणना के दौरान 346 मत विधिमान्य पाए गए। इनमें अशोक सक्सेना को सर्वाधिक 151 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी विद्याधर त्रिपाठी को 111, शारदा प्रसाद सिंगरौल को 74 और राजेश दीक्षित को 11 मत मिले। इस तरह अशोक सक्सेना ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की और पुनः जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद के लिए साक्षी दुबे और पप्पी पटेल के बीच सीधा मुकाबला रहा। इसमें साक्षी दुबे को 187 मत प्राप्त हुए, जबकि पप्पी पटेल को 159 मत मिले। इस प्रकार साक्षी दुबे ने 28 मतों के अंतर से उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। सचिव पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे। राहुल खरे को 179 मत प्राप्त हुए और उन्होंने जीत हासिल की। उनके मुकाबले मनोज सोनी को 4 तथा उदय कुमार त्रिपाठी को 164 मत मिले। वहीं सह सचिव पद के लिए पंकज कुमार गर्ग और प्रमोद कुमार सिंह के बीच मुकाबला हुआ। इसमें पंकज कुमार गर्ग को 199 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रमोद कुमार सिंह को 147 मत मिले। इस तरह पंकज कुमार गर्ग ने सह सचिव पद पर जीत दर्ज की। चुनाव की पूरी प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी विनय पूनियां एवं उप निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद असलम खान की देखरेख में संपन्न हुई। मतगणना पूरी होने के बाद दोनों निर्वाचन अधिकारियों ने विधिवत परिणामों की घोषणा की।

परिणाम सामने आते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला और उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। गौरतलब है कि जिला अभिभाषक संघ के कोषाध्यक्ष पद पर नीलम बुंदेला तथा पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर संजय अहिरवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। जिला अभिभाषक संघ की कार्यकारिणी में कैलाश कुमार गुप्ता (मोदी), रामखिलावन सेन, सुनील कुमार द्विवेदी, अरुण प्रकाश मिश्रा, अंशु शर्मा, अनुपम त्रिपाठी, मृगेन्द्र सिंह गहरवार, अजय कुमार पटेरिया, प्रवीण कुमार खरे एवं सौरभ कुमार शर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए थे। इस प्रकार संघ के सभी प्रमुख पदों की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी की जाएगी। अधिवक्ताओं को उम्मीद है कि नई कार्यकारिणी उनके हितों, संघ की व्यवस्थाओं और अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सक्रियता से काम करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button