पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण
संचार साथी पोर्टल, डिजिटल इंटेलिजेंस और दूरसंचार सुरक्षा की दी गई जानकारी

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व में 4 नवंबर 2026 को साइबर अपराध, इंटेलिजेंस एवं दूरसंचार सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य शासकीय कार्यों का सुरक्षित संचालन, डिजिटल अभिलेखों की सुरक्षा और अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था। कार्यशाला में भारतीय दूरसंचार सेवा के अधिकारी एवं दूरसंचार विभाग भोपाल में निदेशक के पद पर पदस्थ साइबर विशेषज्ञ गोपाल कुर्मी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, दूरसंचार संसाधनों की सुरक्षा और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी। श्री कुर्मी ने दूरसंचार विभाग के संचार साथी पोर्टल और डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने अपने नाम पर जारी सिम कार्डों की जांच, अनधिकृत सिम और वर्चुअल नंबरों के दुरुपयोग से जुड़े जोखिमों की जानकारी दी। साथ ही गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ब्लॉक कराने और संदिग्ध कॉल, धोखाधड़ी वाले एसएमएस तथा फर्जी व्हाट्सएप संदेशों की चक्षु सुविधा के जरिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। मोबाइल की आईएमईआई जांच और फाइनेंशियल फ्रॉड रिस्क इंडिकेटर के उपयोग पर भी जानकारी दी गई। कार्यशाला में वन्यप्राणी अपराधों की विवेचना में तकनीक की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि शिकार और वन्यप्राणी अंगों के अवैध व्यापार से जुड़े मामलों में डिजिटल साक्ष्य एवं तकनीकी विश्लेषण जांच को प्रभावी बनाने और आरोपियों तक पहुंचने में मददगार हो सकते हैं। व्यक्तिगत साइबर सुरक्षा के तहत ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, ओटीपी और पासवर्ड साझा करने से होने वाली ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी वेबसाइटों, अनधिकृत मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के बारे में बताया गया। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। शासकीय कार्यालयों की डिजिटल सुरक्षा के लिए नियमित सुरक्षा अपडेट और एंटीवायरस का उपयोग, गोपनीय डेटा एवं पासवर्ड सुरक्षित रखने, महत्वपूर्ण अभिलेखों का बैकअप लेने तथा संदिग्ध लिंक और अज्ञात अटैचमेंट से बचने के निर्देश भी दिए गए। कार्यशाला में सहायक संचालक पन्ना एवं मड़ला, अधीक्षक केन घड़ियाल अभयारण्य सहित क्षेत्र संचालक कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और मैदानी अमला उपस्थित रहा। अंत में विशेषज्ञ ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।




