तकनीकीदेशपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

खजुराहो सांसद एवं गुनौर विधायक ने देवेन्द्रनगर-चुरहट ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

आजादी के बाद पन्ना जिले में रेल का आगमन ऐतिहासिक, जिलेवासियों को मिली ट्रेन की सौगात

सोमवार से होगा मेमू रेल सेवा का विधिवत संचालन

पन्ना। पन्ना जिले के रेल सुविधा से जुडऩे का सपना शनिवार को साकार हो गया। देवेन्द्रनगर रेलवे स्टेशन पर खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने देवेन्द्रनगर-चुरहट मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन के देवेन्द्रनगर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। स्टेशन पर ट्रेन के आगमन के साथ ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोमवार 26 अक्टूबर से इस मेमू रेल सेवा का विधिवत संचालन सप्ताह में छह दिन शुरू होगा। इस अवसर पर खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि देश की आजादी के बाद पन्ना जिले में रेल का आगमन जिलेवासियों सहित पूरे बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। देवेन्द्रनगर तक ट्रेन की सुविधा न केवल आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि विकास का नया अध्याय भी लिखेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में ललितपुर-सिंगरौली ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना की नींव रखी गई थी। वर्ष 1997-98 में खजुराहो से इस बड़ी रेल लाइन की आधारशिला रखे जाने के बाद अब जिलेवासियों का रेल का सपना पूरा हुआ है। इससे बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ विकास एवं तरक्की की नई राह खुलेगी। सांसद श्री शर्मा ने देवेन्द्रनगर को गुनौर विधानसभा का महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है।

पेयजल परियोजनाओं का भी क्रियान्वयन हो रहा है। खजुराहो से नई दिल्ली और वाराणसी के लिए हवाई सेवा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि देवेन्द्रनगर-पन्ना-खजुराहो रेलखंड का कार्य भी तेजी से पूरा होगा। पन्ना एवं बुंदेलखंड विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेंगेविद्यार्थियों, व्यापारियों और किसानों को मिलेगी सुविधागुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि आज सौभाग्य का दिन है। बघेलखंड और बुंदेलखंड को जोडऩे वाली इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना को पूर्ण करने के लिए पूर्व में अनेक प्रयास किए गए। उन्होंने खजुराहो सांसद के अथक प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रेन सुविधा शुरू होने से विद्यार्थियों, व्यापारियों और किसानों को सतना एवं विंध्य क्षेत्र में आवागमन के लिए काफी सहूलियत होगी। विधायक ने बताया कि भविष्य में सकरिया से हटा-दमोह रेल लाइन का सर्वे भी प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी।ट्रेन के स्वागत में उमड़ा जनसैलाबदेवेन्द्रनगर रेलवे स्टेशन पर नागौद से मेमू ट्रेन के आगमन पर स्थानीयजनों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। ट्रेन से देवेन्द्रनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं बच्चों ने रेल संचालन को लेकर अपनी खुशी प्रकट की। लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर उत्साहपूर्वक नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री के प्रति आभार जताया।सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपस्थित लोगों में रेल सुविधा शुरू होने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।सोमवार से होगा मेमू रेल सेवा का विधिवत संचालनरेलवे द्वारा सोमवार 26 अक्टूबर से देवेन्द्रनगर-चुरहट मेमू ट्रेन का विधिवत संचालन सप्ताह में छह दिन शुरू किया जाएगा। ट्रेन सेवा शुरू होने से पन्ना जिले के लोगों को सतना एवं विंध्य क्षेत्र तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे जिलेवासियों के लिए यह उपलब्धि क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, पूर्व विधायक शिवदयाल बागरी, फुन्दर चौधरी, विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अजय सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष शिवांगी गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता सतानंद गौतम, रामबिहारी चौरसिया, जय प्रकाश चतुर्वेदी सहित रेलवे के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button