देशधर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

शरदपूर्णिमा महोत्सव में देशभर से पहुंचे सुंदरसाथ

पूनम की चांदनी में निकलेगी श्री राज जी महाराज की दिव्य शोभायात्रा

पांच दिवसीय अखंड जागनी रासलीला होगी शुरू

पन्ना। श्री पांच पद्मावतीपुरी धाम पन्ना में अंतरराष्ट्रीय शरदपूर्णिमा महोत्सव के तहत रविवार मध्यरात्रि 12 बजे श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर के बंगला जी दरबार साहब से श्री राज जी महाराज की दिव्य शोभायात्रा रासमंडल के लिए निकलेगी। इसके साथ ही पांच दिवसीय अखंड जागनी रासलीला प्रारंभ होगी। महोत्सव में देश-विदेश से हजारों सुंदरसाथ पहुंचे हैं।महोत्सव के अंतर्गत शनिवार मध्यरात्रि सतगुरु धनी देवचंद जी मंदिर में सद्गुरु देवचंद जी महाराज का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दर्शन किए तथा मंदिर परिसर स्थित ब्रह्म चबूतरे पर भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश भाई पटेल, उपाध्यक्ष डीके दबे एवं प्रबंधक आशीष शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, प्रसाद एवं पेयजल की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर पालिका द्वारा सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। निजानंद प्रणामी धर्म की मान्यताओं के अनुसार, महामति श्री प्राणनाथ जी ने लगभग 400 वर्ष पूर्व इसी ब्रह्म चबूतरे पर सुंदरसाथ को श्री राज जी-श्यामा जी की अखंड रासलीला के दर्शन कराए थे। ट्रस्ट के पूर्व सचिव राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि शरदपूर्णिमा महोत्सव पन्ना की धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है, जो प्रेम, सद्भाव, सेवा और मानव कल्याण का संदेश देता है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button