तकनीकीपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

नई कार में सीएनजी लीकेज का आरोप, शोरूम के बाहर अनशन पर बैठा ग्राहक

दो महीने पहले खरीदी थी कार, बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने का दावा

कंपनी ने कहा- खराब पार्ट्स बदलने और मरम्मत के लिए तैयार

पन्ना। नई कार खरीदने के महज दो महीने के भीतर तकनीकी खराबी और सीएनजी लीकेज की शिकायत से परेशान एक ग्राहक रविवार को अपनी कार लेकर शोरूम के बाहर अनशन पर बैठ गया। मामला राष्ट्रीय राजमार्ग-39 स्थित सतना बैरियर के पास मारुति सुजुकी के सिटी कार्स शोरूम का है। ग्राहक प्रिंस त्रिपाठी ने अपनी कार पर विरोध के बैनर लगाकर प्रदर्शन शुरू किया और कंपनी से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। वहीं, कंपनी के प्रतिनिधि ने वाहन की मरम्मत और आवश्यकतानुसार खराब पार्ट्स बदलने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, प्रिंस त्रिपाठी ने 12 अगस्त 2026 को नई कार खरीदी थी। उनका आरोप है कि डिलीवरी के शुरुआती दिनों से ही वाहन में तकनीकी समस्याएं सामने आने लगी थीं। उन्होंने कई बार वर्कशॉप पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्राहक का दावा है कि अब वाहन में सीएनजी लीकेज जैसी गंभीर समस्या भी सामने आई है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्राहक ने मांगा लिखित आश्वासन, कंपनी ने मरम्मत की जताई सहमति

प्रिंस त्रिपाठी का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें संतोषजनक समाधान नहीं मिला। कंपनी की ओर से लिखित आश्वासन देने से भी इनकार किए जाने का दावा करते हुए उन्होंने रविवार को शोरूम के बाहर अनशन शुरू कर दिया।

दूसरी ओर, मारुति सुजुकी के प्रतिनिधि सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि कंपनी वाहन की तकनीकी समस्या दूर करने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित पार्ट्स बदलने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तकनीकी खराबी की स्थिति में पूरी गाड़ी बदलना संभव नहीं होता। यदि वाहन में निर्माण संबंधी कोई बड़ी खामी सामने आती है, तो उसके अनुरूप निर्णय लिया जाता है। उन्होंने ग्राहक से जांच और मरम्मत के लिए कुछ समय देने का अनुरोध किया है।

फिलहाल ग्राहक अपनी शिकायत के स्थायी समाधान की मांग पर अड़ा है, जबकि कंपनी ने मरम्मत का भरोसा दिलाया है। सीएनजी लीकेज के आरोप को देखते हुए वाहन की तकनीकी जांच और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं का निराकरण इस मामले में अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button