गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से गुलजार हुआ खरया पैलेस
80 प्रतिभागियों ने बिखेरे संस्कृति के रंग, आयुषी एंजल डांस अकादमी ने आयोजित किया कार्यक्रम

पन्ना। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयुषी एंजल डांस अकादमी द्वारा शनिवार 17 अक्टूबर को शहर के खरया पैलेस में गरबा नाइट सीजन-10 का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। आयोजन में शहरभर के 80 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गरबा जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वंदना चैहान, थाना प्रभारी रोहित मिश्रा, समाजसेवी मनोज केशरवानी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम यादव, राष्ट्रीय महिला महासभा उपाध्यक्ष उर्मिला खरया एवं बसंत कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों और पारंपरिक वेशभूषा की सराहना की। गरबा नाइट के दौरान प्रतिभागियों ने पारंपरिक संगीत की धुनों पर सामूहिक गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बेस्ट गरबा, बेस्ट डांडिया और बेस्ट ड्रेस सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। अतिथियों द्वारा विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। आयोजन में रोहित शिवहरे, संचित भट्ट, नंदिनी अग्रवाल, प्रियांशी अग्रवाल एवं मुस्कान कोंदर ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन अथर्व राजकुमार गंगेले ने किया। अकादमी की संचालक आयुषी मिश्रा एवं अनिल अवस्थी ने आयोजन की सफलता का श्रेय सहयोगियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष गरबा नाइट को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा तथा ज्यादा से ज्यादा प्रतिभागियों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।




