जेके सीमेंट के बेलगाम ट्रक ने मासूस को रौंदा, दर्दनाक मौत
पन्ना-कटनी मार्ग पर द्वारी बस स्टैंड के पास हुआ हादसा, पिछला पहिया सिर के ऊपर से निकला

आक्रोषित लोगों ने कम्पनी प्रबंधन के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
अमानगंज। अमानगंज थाना क्षेत्र के द्वारी बस स्टैंड के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्राला ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार पिता, पुत्र और भतीजा सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्राला का पिछला पहिया बालक के सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे में बालक के पिता और भतीजे को भी चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-5, श्रीजी होटल के पास रहने वाले परशुराम कुशवाहा अपने 10 वर्षीय पुत्र गोविन्द कुशवाहा का इलाज कराने पन्ना गए थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह गोविन्द और अपने भतीजे देवेन्द्र कुशवाहा के साथ मोटरसाइकिल से अमानगंज लौट रहे थे। द्वारी बस स्टैंड के पास कमल जैन की मेडिकल दुकान के सामने पहुंचते ही अमानगंज की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक एनएल01एके2135 ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया गोविन्द के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में परशुराम के दाहिने हाथ के पंजे तथा देवेन्द्र के पीठ और दोनों हाथों में चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने जेके सीमेंट कंपनी के विरोध में नारेबाजी भी की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कंपनी से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने के बाद सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों ने दावा किया कि कंपनी से जुड़े ट्रकों और ट्रालों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और लोगों की जान गई है। फरियादी की रिपोर्ट पर अमानगंज पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 106(1) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्राला चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। बालक की दर्दनाक मौत ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की है।



