शाहनगर के कचैरी में दो घरों से नकदी और जेवर चोरी
पुरानी वारदातों का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

पन्ना। जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कचैरी में चोरी की दो घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कचैरी निवासी गोरेलाल विश्वकर्मा पिता दरवारी लाल विश्वकर्मा के घर से 18 हजार रुपये नकद और करीब 25 हजार रुपये कीमत की सोने की अंगूठी चोरी होने की बात सामने आई है। वहीं, शिव सिंह पिता बहादुर सिंह के घर से चांदी की पायल और चूड़ियां चोरी होने की जानकारी मिली है। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीण अपने घरों और सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। चोरी की घटना के बीच गोरेलाल विश्वकर्मा के घर के पास एक जिंदा मुर्गी मिलने का मामला भी चर्चा में है। हालांकि, मुर्गी का चोरी की वारदात से कोई संबंध है अथवा नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कचैरी सहित शाहनगर क्षेत्र के अन्य गांवों में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार सामने आ रही वारदातों से ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से ताजा घटनाओं की जांच कर आरोपियों को पकड़ने के साथ पुरानी चोरियों का भी खुलासा करने की मांग की है। फिलहाल इन घटनाओं में पुलिस की जांच और कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।




