भाजपा जिलाध्यक्ष की स्कॉर्पियो पर पथराव, शीशे तोड़े और नेमप्लेट उखाड़ी
घर के बाहर खड़ी गाड़ी को अज्ञात बदमाशों ने बनाया निशाना

भाजपा का चुनाव चिह्न भी क्षतिग्रस्त, आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पन्ना। शहर में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के निवास के ठीक सामने खड़ी उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव और तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। रात के अंधेरे में हुई इस वारदात में वाहन के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए गए। इतना ही नहीं, गाड़ी पर लगी नेमप्लेट और भाजपा के चुनाव चिह्न कमल को भी उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सत्ताधारी दल के जिलाध्यक्ष के घर के सामने हुई इस घटना से शहर के राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा की स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 35 जेडसी 1673 उनके निवास के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बीती रात अज्ञात लोगों ने वाहन को निशाना बनाते हुए उस पर पत्थरों से हमला कर दिया।
पथराव में गाड़ी के अगले और पिछले हिस्से के शीशे चकनाचूर हो गए। हमलावरों ने वाहन पर लगी जिलाध्यक्ष की नेमप्लेट और भाजपा के चुनाव चिह्न को भी नुकसान पहुंचाया। सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात लोगों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके माध्यम से घटना के समय क्षेत्र में हुई संदिग्ध गतिविधियों और आरोपियों की आवाजाही का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष के निवास के सामने खड़े वाहन में इस तरह तोड़फोड़ किए जाने से शहर की सुरक्षा और रात्रिकालीन पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विशेष रूप से वाहन की नेमप्लेट और पार्टी के चुनाव चिह्न को निशाना बनाए जाने के कारण घटना के पीछे की मंशा को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, यह सामान्य तोड़फोड़ की घटना है, किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम है अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण है, फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच और आरोपियों की पहचान के बाद ही वारदात की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।




