पांच साल से सागर में अटैच केमिस्ट, पन्ना से मिल रहा वेतन
पीएचई विभाग में पेयजल सैंपल जांच प्रभावित होने के आरोप

सेवानिवृत्त कर्मचारी के भरोसे चल रहा काम
पन्ना। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) पन्ना में पेयजल सैंपल की जांच व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि जिले में पेयजल के सैंपल जांचने के लिए पदस्थ संविदा केमिस्ट स्वाति जैन पिछले करीब पांच वर्षों से सागर जिले के देवरी में अटैच हैं, जबकि उनका वेतन पन्ना जिले से ही जारी किया जा रहा है। इस स्थिति में पन्ना जिले में आने वाले पेयजल सैंपलों की जांच का काम वर्तमान में सेवानिवृत्त कर्मचारी के भरोसे चलने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार स्वाति जैन की पदस्थापना वर्ष 2020 में पन्ना में संविदा केमिस्ट के रूप में हुई थी। आरोप है कि वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्य अभियंता एसके आधवन के आदेश से उन्हें देवरी, जिला सागर में अटैच कर दिया गया। इसके बाद से वह वहीं कार्यरत हैं, जबकि वेतन पन्ना से ही मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि अटैचमेंट और वेतन भुगतान से संबंधित आदेश एवं अभिलेखों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। पीएचई विभाग की जल प्रशिक्षण शाला में पूरे जिले से पेयजल के सैंपल जांच के लिए पहुंचते हैं। विभाग में सैंपल जांच से जुड़े अधिकांश कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में वर्तमान में सेवानिवृत्त कर्मचारी आरएस शुक्ला को संविदा आधार पर दोबारा काम पर रखकर सैंपलों की जांच कराए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि पूरे जिले से सैंपल आने के कारण एक कर्मचारी पर काम का अतिरिक्त दबाव है। मामले में एक अन्य आरोप संविदा केमिस्ट को वर्ष 2022 से सितंबर 2023 तक प्रसूति अवकाश के दौरान वेतन भुगतान से जुड़ा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उक्त अवधि में स्वाति जैन द्वारा कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य नहीं करने के बावजूद पन्ना से वेतन का भुगतान किया गया। हालांकि इस संबंध में अवकाश स्वीकृति, वेतन भुगतान और संविदा सेवा की शर्तों से जुड़े अभिलेखों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की विभागीय जांच कराने, अटैचमेंट और वेतन भुगतान के नियमों की जांच करने तथा पेयजल सैंपल जांच के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था करने की मांग की है।
इनका कहना है
इस संबंध में मेरे द्वारा पूर्व में पत्राचार भी किया गया था। यह मामला बड़े अधिकारियों के स्तर का है। मेरे द्वारा केमिस्ट सहित अन्य कर्मचारियों के लिए टेंडर भी लगाया गया है। जल्द ही कर्मचारियों की भर्ती हो जाएगी। वर्तमान में शुक्ला जी काम कर रहे हैं और किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
संचित खेत्रपाल, कार्यपालन यंत्री, पीएचई विभाग, पन्ना




