जुगल किशोर मंदिर की पार्किंग व्यवस्था होगी दुरुस्त, सड़कों से हटेंगे अतिक्रमण
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देशय वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर, कैमरे और बैरियर लगाने पर चर्चा

पन्ना। जिले में बढ़ती यातायात संबंधी समस्याओं, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुचारू आवागमन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें शहर की पार्किंग व्यवस्था, प्रमुख मार्गों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और वन्यजीवों की सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु रोकने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने श्री जुगल किशोर मंदिर क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था को विधिवत संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पार्किंग स्थल नहीं होने से श्रद्धालु सड़क और आसपास की गलियों में वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। पन्ना-अमानगंज और पन्ना-मड़ला मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से वन्यजीवों की मृत्यु रोकने के उद्देश्य से प्रत्येक एक हजार मीटर पर स्पीड ब्रेकर, हाई स्पीड कैमरे और बैरियर लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। वहीं, हाईवे एक्ट 2002 के तहत अनधिकृत व्यावसायिक ढाबों एवं कैटरिंग स्थलों को हटाने के निर्देश दिए गए। किशनगढ़ वैकल्पिक मार्ग का तत्काल स्थल निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक चैड़ीकरण एवं सुधार कार्य कराने को भी कहा गया। स्थायी समाधान होने तक घाट मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन नियंत्रित करने तथा जाम की स्थिति में एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला अस्पताल मार्ग से हटेगा अतिक्रमण
कलेक्टर ने जिला अस्पताल के मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखकर विक्रय करने की स्थिति में संयुक्त टीम से अतिक्रमण हटाने और नगर पालिका को सामग्री जब्त करने के निर्देश दिए। सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सड़क की चैड़ाई को ध्यान में रखते हुए लाइटिंग, टेंट, पंडाल और स्वागत द्वार लगाने के लिए भी कहा गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो। इसके अतिरिक्त ग्राम मनौर स्थित यादव ढाबा के सामने सड़क के गड्ढे भरने, सकरिया-गुनौर मार्ग पर ककरहटा पुल एवं सड़क की मरम्मत कराने तथा शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर गड्ढों के भराव और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।




