पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

संविधान दिवस पर निकली विशाल रैली, हजारों लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

अमित भटनागर बोले जनता के अधिकारों के लिए अब आंदोलन नहीं, होगा महाआंदोलन

पन्ना। संविधान दिवस के अवसर पर जय किसान संगठन के नेतृत्व में गुरुवार को हजारों किसानों, आदिवासियों, विस्थापितों और प्रभावित परिवारों ने अपने संवैधानिक अधिकारों एवं जनसमस्याओं को लेकर शहर में विशाल रैली निकाली। छत्रसाल पार्क में जनसभा के बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम प्रभारी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित आम नागरिकों की भागीदारी रही। जनसभा को संबोधित करते हुए जय किसान संगठन के नेता अमित भटनागर ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्यायपूर्ण व्यवस्था के विरुद्ध है। फर्जी मुकदमों और पुलिसिया दमन से आंदोलनकारी डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों के लिए अब आंदोलन नहीं, बल्कि महाआंदोलन होगा। लोकतंत्र में जनता की वास्तविक मलकियत और निर्णय प्रक्रिया में उसकी प्रभावी भागीदारी स्थापित करना संगठन का उद्देश्य है। रैली में केन-बेतवा लिंक परियोजना, रुंझ एवं मझगांय सिंचाई परियोजना, ललितपुर-सिंगरौली रेल मार्ग, पुरुषोत्तम नगर में लगभग 30 वर्षों से रह रहे कमजोर एवं वंचित वर्ग के परिवारों तथा पाठा, छतेनी और प्रतापपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के किसानों, आदिवासियों एवं विस्थापितों की समस्याएं उठाई गईं। अमित भटनागर ने कहा कि ज्ञापन में जनता की जायज समस्याएं रखी गई हैं। जिनका समाधान कानूनी दायरे में संभव है, उनका तत्काल निराकरण होना चाहिए और अन्य मांगों पर प्रशासन स्पष्ट जानकारी दे। उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलनों में शामिल लोगों पर कथित फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही नए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से समस्याओं के निराकरण में तेजी लाने की अपेक्षा जताई। जनसभा में पार्षद दिव्या अहिरवार ने कहा कि आंदोलन के दौरान दर्ज मामले में उन्हें 41 दिन जेल में रहना पड़ा, लेकिन इससे उनका संकल्प और मजबूत हुआ है। उन्होंने जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही। रैली के दौरान संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े नारों के साथ प्रदर्शन किया गया। अमित भटनागर ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर हिसाबी राजपूत, अनमोल आदिवासी, रामऔतार आदिवासी, गयाप्रसाद कोंदर, दीपक द्विवेदी, बब्लू यादव, बाबूलाल आदिवासी, विपिन अवस्थी, संजू शाक्या, शिवकुमार यादव, राजाबाबू पटेल, अंकित सोनी, संदीप रैकवार, मंगल यादव, रानी आदिवासी, धनीराम रैकवार, जितेंद्र जाटव, राकेश कुमार आदिवासी, लालू प्रजापति, रमेश गोंड, कैलाश सैनी, बिट्टी आदिवासी, गोमती आदिवासी, राजलक्ष्मी कुशवाहा, रानी अहिरवार, सुनीता पाल, दीपा आदिवासी, रामबाई पाल, राजकुमारी कुशवाहा एवं राधा प्रजापति सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button