जिला अस्पताल के सामने दुकानों के निर्माण पर विवाद
जिला अस्पताल के सामने दुकानों के निर्माण पर विवाद

पन्ना। जिला चिकित्सालय के सामने रोगी कल्याण समिति द्वारा कराए जा रहे व्यावसायिक दुकानों के निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय नागरिकों और रॉयल किड्स स्कूल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि दुकानों का निर्माण स्कूल एवं आवासीय कॉलोनियों के पहुंच मार्ग की सीमा में किया जा रहा है। इससे रास्ता संकरा होने के साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। इस संबंध में कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जिला अस्पताल के सामने स्थित पुराने विशाल कुएं की जगत और पहुंच मार्ग के समीप दुकानें बनाई जा रही हैं। इसी रास्ते से कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी, एक निजी कॉलोनी और रॉयल किड्स स्कूल के लिए आवागमन होता है। निर्माण के कारण दोनों ओर रास्ता संकरा होने से स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, करीब 20 वर्ष पहले शासन ने रॉयल किड्स स्कूल के संचालन के लिए भूमि आवंटित की थी। वर्तमान में तीन मंजिला भवन में संचालित स्कूल में 600 से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। इन्हें लाने-ले जाने के लिए प्रतिदिन स्कूल वैन, टेंपो, रिक्शा, कार और दोपहिया वाहनों का आवागमन होता है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि वर्तमान में पहुंच मार्ग की चैड़ाई लगभग 12 मीटर है, जो दुकानों के निर्माण के बाद घटकर करीब छह मीटर रह जाएगी। उन्होंने मध्य प्रदेश शासन के राजपत्र और नगर एवं ग्राम निवेश विभाग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए निर्माण पर आपत्ति जताई है। हालांकि, मार्ग की वास्तविक सीमा और निर्माण की वैधानिक स्थिति का निर्धारण संबंधित विभागों की जांच के बाद ही हो सकेगा।
प्राचीन कुएं को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान प्राचीन कुएं को क्षतिग्रस्त किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रास्ता संकरा होने से विशेषकर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। इस संबंध में नागरिकों ने रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष कलेक्टर, उपाध्यक्ष मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सचिव सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक को आवेदन सौंपा। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता से मुलाकात कर संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए और निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की। शिकायत सौंपने वालों में स्कूल संचालक रोहित गुरु, एसपी सेन, संजय सिंह चैहान, नितेंद्र गुरुदेव, राकेश शर्मा, शिवकुमार त्रिपाठी, अजय उपाध्याय, पंकज खरे, बृजभूषण रैकवार और राजेश शर्मा शामिल रहे। निर्माण संबंधी आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन का विस्तृत पक्ष फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सका है।




