श्री 5 पद्मावती पुरी धाम में अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में
देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास, पंडाल और प्रकाश व्यवस्था को दिया जा रहा अंतिम रूप

पन्ना। श्री 5 पद्मावती पुरी धाम पन्ना में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वहीं, खुले मैदानों में विशाल पंडाल लगाने के साथ भोजन व्यवस्था और सुंदरसाथ के लिए आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। श्री प्राणनाथ मंदिर परिसर स्थित ब्रह्म चबूतरे पर भी विशेष पंडाल, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के बैठने के लिए उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर सहित अन्य आयोजन स्थलों पर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने के लिए ट्रस्ट द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आगामी 20 अक्टूबर, दशहरा के दिन से महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से श्रद्धालुओं के पन्ना पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव को लेकर श्री 5 पद्मावती पुरी धाम में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सुविधाओं के लिए तैयारियां निरंतर जारी हैं।




