पन्ना के नए कलेक्टर होंगे हर्ष सिंह, ऊषा परमार का भोपाल तबादला
पन्ना। मध्य प्रदेश शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों के तबादला आदेश जारी करते हुए पन्ना जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बुरहानपुर जिले के कलेक्टर हर्ष सिंह को पन्ना का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, पन्ना की निवर्तमान कलेक्टर ऊषा परमार का स्थानांतरण भोपाल कर उन्हें उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह वर्ष 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। करीब 41 वर्षीय हर्ष सिंह मूलतः जबलपुर के निवासी हैं। पन्ना में नियुक्ति से पहले वे बुरहानपुर जिले में कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। प्रशासनिक अनुभव रखने वाले हर्ष सिंह के सामने पन्ना जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों को गति देने और आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी। राज्य शासन के आदेश के बाद हर्ष सिंह के जल्द ही पन्ना पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण करने की संभावना है। वहीं, ऊषा परमार अब भोपाल में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगी।




