पन्ना में चोरों का दुस्साहस, पुरुषोत्तमपुर में एक ही रात पांच घरों के ताले टूटे
नगदी, जेवरात और घरेलू सामान समेट ले गए चोर

पन्ना। शहर के पुरुषोत्तमपुर मोहल्ले में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 27 में जेल के पास स्थित इस मोहल्ले में चोरों ने घरों के ताले तोड़कर नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू बर्तन सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। एक साथ कई घरों में चोरी की वारदात सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना से रहवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाया। घरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारियों, पेटियों तथा अन्य सामान को खंगाल डाला। चोरों ने कीमती सामान के साथ घरेलू उपयोग के बर्तन तक नहीं छोड़े। सुबह जब रहवासियों को घरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला, तब चोरी की वारदात का पता चला।
इसके बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित पंचम कुशवाहा ने बताया कि चोरों ने उनके कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी पलंग पेटी को खंगाल दिया और उसमें रखा सामान चोरी कर ले गए। वहीं, दूसरे पीड़ित संजय सिंह बंजारा ने बताया कि चोरों ने अकेले उनके घर को नहीं, बल्कि आसपास के कई मकानों को एक साथ निशाना बनाया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये तक हो सकती है। हालांकि, सभी पीड़ित परिवारों के नुकसान और चोरी गए सामान का वास्तविक आकलन किया जाना बाकी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अलग-अलग घरों का निरीक्षण कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों और आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशने का प्रयास किया गया। पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान करने में जुटी है। एक ही रात में पांच घरों के ताले टूटने की घटना ने मोहल्ले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चोर एक के बाद एक इतने घरों को निशाना बना सकते हैं, तो यह क्षेत्र की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। रहवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाने वाले चोरों तक पुलिस कब पहुंच पाती है।




