राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए पन्ना में 25 अक्टूबर को होगा खिलाड़ियों का चयन
राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए पन्ना में 25 अक्टूबर को होगा खिलाड़ियों का चयन

पन्ना। जिला एथलेटिक संघ पन्ना की महत्वपूर्ण बैठक मोहन राज विलास होटल में संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें 20वीं राष्ट्रीय अंतरजिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 की तैयारियों और जिले की चयन प्रतियोगिता की रूपरेखा तय की गई। संघ के सचिव राहुल गुर्जर ने बताया कि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के 9 सितंबर 2026 को जारी परिपत्र क्रमांक 88/09-2026 के अनुसार राष्ट्रीय प्रतियोगिता 14 से 16 नवंबर तक तेलंगाना के हैदराबाद स्थित वोक्सेन विश्वविद्यालय, कामकोले में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता के लिए पन्ना जिले के खिलाड़ियों का चयन 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे महाराजा छत्रसाल स्टेडियम, नजरबाग में किया जाएगा। चयन ट्रायल में 14 वर्ष से कम और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। दोनों वर्गों को मिलाकर जिले के केवल 13 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए खिलाड़ी की जन्मतिथि 17 नवंबर 2012 से 16 नवंबर 2014 के बीच तथा 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए 17 नवंबर 2010 से 16 नवंबर 2012 के बीच होना आवश्यक है। अंडर-14 वर्ग में ट्रायथलॉन के अंतर्गत 60 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, एक किलोग्राम बैक थ्रो और 600 मीटर दौड़ से संबंधित स्पर्धाएं होंगी। इस वर्ग के सभी खिलाड़ियों के लिए पांच मीटर रनवे से किड्स भाला फेंक अनिवार्य रहेगा। अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर दौड़, 80 मीटर बाधा दौड़, 600 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और पंचस्पर्धा आयोजित की जाएंगी। इस वर्ग में प्रत्येक खिलाड़ी केवल एक स्पर्धा में भाग ले सकेगा तथा एक स्पर्धा में अधिकतम दो खिलाड़ियों को अवसर मिलेगा। संघ ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के पास भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की यूजर आईडी होना अनिवार्य है। साथ ही जन्म प्रमाणपत्र एवं आयु सत्यापन के अन्य वैध दस्तावेज लाना आवश्यक होगा। इनके अभाव में किसी भी खिलाड़ी को चयन ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा। बैठक में संघ के उपाध्यक्ष राणा अमरजीत सिंह चैहान, सदस्य रुपेश मोदी, राजकुमार वर्मा, ममता चैधरी, खेल शिक्षक टेक बहादुर सहित खेलप्रेमी, प्रशिक्षक, वरिष्ठ खिलाड़ी और संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




