बृहस्पति कुंड में दिखा अनोखे रंगों वाला ‘कैट स्नेक’, पर्यटकों में कौतूहल
वन्यजीव जानकारों ने की सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील

पन्ना। जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड के समीप अनोखे रंग और आकर्षक बनावट वाला सांप दिखाई देने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में कौतूहल फैल गया। भूरे, काले और सफेद रंग के विशेष पैटर्न वाले इस सांप की पहचान प्रारंभिक तौर पर कैट स्नेक यानी बिल्ली सांप के रूप में बताई जा रही है। मौके पर मौजूद रूपेश जैन ने सांप की तस्वीरें और वीडियो अपने कैमरे में कैद किए, जिसके बाद यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। वन्यजीव जानकारों के अनुसार, कैट स्नेक बोइगा वंश का सांप है। इसकी आंखों की पुतलियां बिल्ली की तरह लंबवत होती हैं, जिसके कारण इसे बिल्ली सांप कहा जाता है। यह मुख्य रूप से रात्रिचर जीव है और दिन में पेड़ों की शाखाओं तथा चट्टानों की दरारों में छिपा रहता है। हालांकि, दिखाई दिए सांप की सटीक प्रजाति की पुष्टि विशेषज्ञ परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। कैट स्नेक समूह के सांप सामान्यतः हल्के विषैले और पिछले दांतों वाले होते हैं। इनका विष मुख्य रूप से छोटे जीवों का शिकार करने में सहायक होता है। हालांकि, किसी भी सांप के काटने को मामूली समझना उचित नहीं है। काटने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। प्राकृतिक सुंदरता और वन क्षेत्र से घिरा बृहस्पति कुंड विभिन्न वन्यजीवों और सरीसृपों का आवास है। वन्यजीव जानकारों ने पर्यटकों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर उसके करीब जाकर फोटो या सेल्फी लेने, पकड़ने अथवा नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें।




