खेलपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

असली भारत के दर्शन करना हैं तो आदिवासियों के बीच जाकर देखें – सज्जन सिंह वर्मा

महिला पहलवान अनीता ने पुरुष पहलवान बबलू को किया चित्त

ग्राम पिस्टा में आयोजित विशाल दंगल में पहुंचे पूर्व मंत्री

अजयगढ़। अजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम पिस्टा में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भरत मिलन पांडे द्वारा विशाल दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राजनगर के पूर्व विधायक विक्रम सिंह उर्फ नाती राजा और युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर दंगल का शुभारंभ किया। आयोजकों ने पुष्पमाला, शाल एवं श्रीफल भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कुश्ती भारत का पारंपरिक खेल है और ऐसे आयोजनों से ही यह प्राचीन कला जीवित है। उन्होंने भरत मिलन पांडे से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने और भविष्य में देश के नामी पहलवानों को भी पिस्टा बुलाने का आग्रह किया। उन्होंने आयोजन को मिले जनसमर्थन की सराहना की।

मझगांय और रुंज परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए वर्मा ने कहा कि यदि असली भारत के दर्शन करना हैं तो आदिवासियों के बीच जाकर उनकी परिस्थितियां देखनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं के आधार पर विस्थापितों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की। वर्मा ने कहा कि सरकार प्रतिमाह हजारों करोड़ रुपये का कर्ज ले रही है तो आदिवासी परिवारों के पुनर्वास और अधिकारों के लिए भी आवश्यक आर्थिक व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने एक-दो दिन में समाधान निकलने की उम्मीद जताते हुए कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती तो आवश्यकता पड़ने पर राहुल गांधी भी यहां आ सकते हैं। दंगल में विभिन्न स्थानों से आए पहलवानों ने अपने दांवपेच दिखाए। महिला पहलवान अनीता और पुरुष पहलवान बबलू के बीच हुई कुश्ती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुकाबले में अनीता ने बबलू को चित्त कर दर्शकों की जमकर वाहवाही लूटी। वहीं अयोध्या से आए पहलवान सहित अन्य प्रतिभागियों के रोमांचक मुकाबलों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर पारंपरिक खेल कुश्ती का आनंद लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button