गहरा और इम्लोनियां में विधिक शिविर, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान के दिए निर्देश

पन्ना। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नालसा मेगा ड्राइव अभियान के तहत ग्राम पंचायत गहरा और इसके अंतर्गत चिन्हित ग्राम इम्लोनियां में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित पंचायत अधिकारियों को निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम गहरा में ग्रामीणों ने बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा राशन दुकान करीब आठ किलोमीटर दूर होने से खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी की बात रखी। अधिकारियों ने पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और पटवारी को समस्याओं का प्रतिवेदन तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम इम्लोनियां के प्राथमिक विद्यालय में भी ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा बच्चों को शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल आनंद त्रिपाठी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल शशांक चतुर्वेदी, सरपंच राजकुमारी, सचिव मुकेश कुशवाहा, रोजगार सहायक मनोज सिंह और पटवारी तेज सिंह उपस्थित रहे। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अवधेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित हुई। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों तथा विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर, जनसंवाद और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम चलाने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी विभागों और सामाजिक संगठनों से समन्वय बनाकर बाल विवाह रोकने तथा बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।



