पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

सीएम हेल्पलाइन के पुराने प्रकरण लंबित रखने पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर हर्ष सिंह

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

ट्रक चालकों का एक सप्ताह में नेत्र परीक्षण कराने को कहा

पन्ना। नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर समय-सीमा में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी टीएल बैठक में संबंधित विभागों के जिलाधिकारी ही उपस्थित रहेंगे। भविष्य में सीएम हेल्पलाइन के 100 दिवस से अधिक पुराने प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों को स्वयं विभागीय नियमों और निर्देशों की जानकारी रखने तथा योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा। बड़ी निर्माण परियोजनाओं की नियमित निगरानी, जनसुनवाई आवेदनों के प्राथमिकता से निराकरण और बड़े विभागों में प्रत्येक 15 दिन में समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

खाद्यान्न वितरण और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर

कलेक्टर ने प्रत्येक माह निर्धारित समय में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने तथा उचित मूल्य दुकानों में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को दुकानों का निरीक्षण करने, स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने और स्वामित्व योजना के कार्यों में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की लंबित शिकायतों, भूमि आवंटन, उपार्जित खाद्यान्न के उठाव एवं परिवहन तथा उच्च न्यायालय में लंबित मामलों की भी समीक्षा की। संबल योजना के आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार करने के निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला परिवहन अधिकारी को समन्वय कर एक सप्ताह में ट्रक चालकों का नेत्र परीक्षण कराने को कहा। आरटीओ को वाहन मालिकों के साथ बैठक करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्रों के रिक्त बेड, एम्बुलेंस व्यवस्था, आधार पंजीयन और कर्मचारियों के लंबित सेवा संबंधी मामलों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button