सिन्हाई में पंचायत भवन का लोकार्पण, अम्हा तिगेला से सिमरा तक बनेगी सीसी सड़क
विधायक ने किया भूमिपूजन, राजापुर में छात्राओं को साइकिल, स्कूल बैग और अध्ययन सामग्री वितरित

पन्ना। अजयगढ़ क्षेत्र में ग्रामीण विकास और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने ग्राम सिन्हाई में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही अम्हा तिगेला से ग्राम सिमरा तक सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गांवों का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई हैं, जिनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर शासकीय कार्यों का बेहतर संचालन और आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। वहीं सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलती है। इसके बाद विधायक ने अजयगढ़ नगर परिषद के वार्ड क्रमांक आठ राजापुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिल, स्कूल बैग एवं अध्ययन सामग्री वितरित की। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। बेटियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जबकि स्कूल बैग और अध्ययन सामग्री उनकी पढ़ाई में सहायक बनेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से ही गांवों की प्रगति संभव है। प्रयास है कि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और क्षेत्र की बेटियां शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बनें तथा अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करें।




