भैंस चराने जंगल गए बुजुर्ग पर बाघ का हमला, चेहरे और पीठ पर पंजों से किए वार
जरधोवा गांव में घटना से दहशत, ग्रामीणों ने वन विभाग पर मदद में देरी का लगाया आरोप

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व से लगे जरधोवा गांव में बाघ के हमले से 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब गांव निवासी मलखान सिंह राजगौड़ अपनी भैंसों को लेकर जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। बाघ के पंजों से बुजुर्ग के चेहरे, पीठ और घुटने पर चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान मलखान सिंह के साथ मौजूद एक ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए बाघ की ओर पत्थर फेंके, जिसके बाद बाघ वहां से भाग गया और बुजुर्ग की जान बच सकी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घायल के पुत्र देवी सिंह सहित ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी बाघ गांव के आसपास घूमता दिखाई दिया था, जिसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हमले के बाद घायल बुजुर्ग को समय पर सहायता नहीं मिली और करीब दो घंटे तक उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। वन अमले के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण ग्रामीणों ने डायल 112 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने आबादी के आसपास बाघ की लगातार मौजूदगी को देखते हुए निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पन्ना टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर बृजेष पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभागीय टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। उनके अनुसार घायल मलखान सिंह राजगौड़ की स्थिति फिलहाल स्थिर है। वन विभाग की ओर से घायल को तत्काल सहायता के रूप में दो हजार रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही उनके उपचार का पूरा खर्च विभाग द्वारा उठाने का आश्वासन दिया गया है। डिप्टी डायरेक्टर के अनुसार, बाघ को आबादी क्षेत्र से दूर जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास के लिए हाथियों की टीम भी भेजी गई है। घटना के बाद जरधोवा और आसपास के ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।




