शहर के बाजारों में धनतेरस और दीपावली की रौनक
ऑटोमोबाइल से लेकर सराफा बाजार तक करोड़ों के कारोबार का अनुमान

घर-घर हुई धनवंतरि और कुबेर की पूजा
पन्ना। दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत के साथ ही धनतेरस पर पन्ना जिले के बाजारों में रौनक देखने को मिली। सुबह से देर रात तक शहर के प्रमुख बाजारों और दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ती रही। लोगों ने परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, मोबाइल और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। बाजारों में उमड़ी भीड़ और कारोबार को देखते हुए व्यापारिक स्तर पर शहर में करोड़ों रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। धनतेरस को लेकर व्यापारियों ने कई दिनों पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। कहीं रंग-बिरंगी लाइटों से बाजार जगमगा रहे थे तो कहीं दुकानों के बाहर विशेष सजावट और ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य प्रतिष्ठानों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर भी सामान की प्रदर्शनी लगाई थी। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। लोगों ने अपनी सामर्थ के अनुसार नई वस्तुओं की खरीदारी कर धनतेरस का पर्व मनाया।सराफा बाजार में सोने-चांदी की चमक
धनतेरस पर सराफा बाजार में भी अच्छी चहल-पहल रही। महिलाओं और परिवारों ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्के और अन्य कीमती वस्तुओं की खरीदारी की। सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद परंपरा के अनुसार खरीदारी का उत्साह कम नहीं दिखाई दिया। कुछ ग्राहकों ने बजट के अनुसार हल्के आभूषणों और चांदी के सामान को प्राथमिकता दी।

ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी दिखा उत्साह
धनतेरस पर वाहन खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम में भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने शुभ मुहूर्त में नई कार, मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर की खरीदारी की। वाहन एजेंसियों में पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहक भी अपने नए वाहनों की डिलीवरी लेने पहुंचे। साइकिल दुकानों पर भी बच्चों और परिवारों की भीड़ नजर आई।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर रही भीड़
आधुनिक जरूरतों के चलते धनतेरस पर मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की खरीदारी का भी विशेष उत्साह देखने को मिला। मोबाइल दुकानों पर नए स्मार्टफोन, एलईडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीदारी की गई। वहीं बर्तन बाजार में भी लोगों ने परंपरा के अनुसार नए बर्तन खरीदे। वही दीपावली त्यौहार को लेकर पटाखों की दुकानें पॉलीटेक्निक मैदान में लगाई गई है। जहां पर तरह तरह के पटाखें उपलब्ध है। धनतेरस के दिन लोगों ने पटाखों की जमकर खरीदारी की।जिले के अन्य कस्बों में भी रही रौनक
पन्ना शहर के साथ पवई, अमानगंज, देवेन्द्रनगर, गुनौर, शाहनगर और अजयगढ़ सहित जिले के अन्य कस्बों में भी धनतेरस की धूम रही। बस स्टैंड, झंडा बाजार और मिलौनीगंज सहित प्रमुख बाजारों में देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ बनी रही। लोगों ने घरों में धनवंतरि भगवान, माता लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। धनतेरस पर बाजारों में दिखी रौनक से दीपावली तक व्यापारिक गतिविधियां और बढने की उम्मीद है।




