पन्नामध्यप्रदेशराज्यसागर संभाग

70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन

सीईओ ने जरूरी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में दिए निर्देश

पन्ना। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आगामी 28 से 31 अक्टूबर तक पन्ना में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खो-खो क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय खो-खो स्पर्धा में प्रदेश के 10 संभाग के खिलाड़ी सहभागिता करेंगे। इस संबंध में जरूरी तैयारियों और आवश्यक प्रबंध के दृष्टिगत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस मौके पर सभी विभागीय अधिकारियों को समय पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। प्रतियोगिता में 240 खिलाड़ी शामिल होंगे। खेल प्रशिक्षक एवं अन्य सहयोगी स्टाफ भी प्रतियोगिता के दौरान मौजूद रहेंगे। बैठक के मौके पर खेल मैदान की तैयारी और खिलाड़ियों के ठहरने, परिवहन और भोजन व्यवस्था सहित सुरक्षा प्रबंध के संबंध में चर्चा कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दौरान बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए पृथक-पृथक सही और उचित व्यवस्था हो। निर्धारित स्थल से खेल मैदान तक सभी खिलाड़ी सुविधापूर्वक पहुंचे। इसके लिए विभागवार कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर वॉलंटियर्स की तैनाती भी करें। प्रतियोगिता का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए। क्रीड़ा स्थल पर पेयजल, चलित शौचालय और मेडिकल टीम की व्यवस्था की जाए। संबंधित अधिकारी प्रतियोगिता प्रारंभ होने के एक दिवस पूर्व सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें। इसके अलावा कॉमन मेस में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग के तत्त्वावधान में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका राज्य स्तरीय खो-खो खेल प्रतियोगिता का आयोजन पन्ना के पॉलीटेक्निक मैदान में होगा। इसके लिए संभागवार खिलाड़ियों की आवास व्यवस्था छात्रावास और शैक्षणिक संस्थाओं में की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर मधुवंत राव धुर्वे सहित जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार गुप्ता, क्रीड़ा अधिकारी राजेश मिश्रा एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण, संस्था प्रमुख, खेल शिक्षक व छात्रावास अधीक्षक भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button