खाद के लिए सड़क पर उतरे किसान, प्रशासन को दिया दो दिन का अल्टीमेटम
ई-टोकन और सर्वर की समस्या से नाराज किसानों का अमानगंज में प्रदर्शन

अमानगंज। खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था और सर्वर की समस्या से परेशान किसानों का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर दिखाई दिया। समाजसेवी तिलक राज पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने अमानगंज में प्रदर्शन करते हुए अमानगंज-किशनगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे तथा किसानों को समझाइश दी। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर खाद वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया। प्रदर्शन के दौरान तिलक राज पटेल ने आरोप लगाया कि गोदामों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसान ई-टोकन बुक नहीं कर पा रहे हैं।
सर्वर की समस्या के चलते किसान खेती का काम छोड़कर मोबाइल पर टोकन बुक करने और सर्वर चालू होने का इंतजार करने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि ई-टोकन बुकिंग का समय एक घंटे से बढ़ाकर कम से कम 12 घंटे किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान समय पर खाद प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था सरल बनाना जरूरी है। किसान राम प्रकाश पटेल ने भी नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि किसान खेतों में काम करे, ट्रैक्टर चलाए या खाद के टोकन के लिए चक्कर काटता रहे? उन्होंने कहा कि खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया में ही किसानों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है। किसानों का आरोप है कि पिछले 22 दिनों से सर्वर संबंधी समस्या के कारण ई-टोकन बुकिंग प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में टोकन बुकिंग की अवधि बढ़ाने, आवश्यकता पड़ने पर बिना टोकन खाद वितरण कराने, खाद स्टॉक की ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करने वाले संचालकों पर कार्रवाई करने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की गई। तिलक राज पटेल ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर खाद वितरण की प्रक्रिया सुचारु बनाने की मांग की है। प्रशासन की ओर से मांगों पर की जाने वाली कार्रवाई का इंतजार है।




