नकली शराब पर आबकारी विभाग सख्त, अब कबाड़ी और प्रिंटिंग प्रेस भी निगरानी के दायरे में
पन्ना और पवई में कबाड़ दुकानों व प्रिंटिंग प्रेस का निरीक्षण

पन्ना। मध्य प्रदेश में नकली और मिलावटी शराब से जुड़ी घटनाओं के बाद आबकारी विभाग ने निगरानी का दायरा बढ़ा दिया है। अब शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कबाड़ी की दुकानों, प्रिंटिंग प्रेस, मेडिकल सामग्री की थोक दुकानों और ट्रांसपोर्टर्स पर भी नजर रखी जाएगी। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सागर संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने संभाग के सभी जिलों के आबकारी अधिकारियों की बैठक लेकर अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर दिया। बैठक में सागर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक इरशाद बली भी मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस, आबकारी, राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग को आपसी समन्वय से संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पन्ना जिले में कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर उपायुक्त आबकारी सागर संभाग आलोक खरे और जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत आबकारी वृत्त पन्ना में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय तथा आबकारी वृत्त पवई में आबकारी उपनिरीक्षक हरीश पाण्डेय के नेतृत्व में कबाड़ी दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को समझाइश दी गई कि यदि कोई व्यक्ति शराब की खाली बोतलें या उनसे संबंधित बारदाना खरीदने के लिए संपर्क करता है, तो इसकी सूचना तत्काल आबकारी अथवा पुलिस विभाग को दें। किसी संदिग्ध व्यक्ति के संपर्क में आने पर भी विभाग को अवगत कराएं। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि नकली और मिलावटी शराब के निर्माण, विक्रय या परिवहन में पकड़े गए व्यक्ति के पास से यदि किसी कबाड़ी से खरीदा गया खाली बारदाना मिलता है, तो संबंधित कबाड़ी को भी मामले में सह आरोपी बनाया जा सकता है। इसी तरह प्रिंटिंग प्रेस का भी निरीक्षण कर संचालकों को चेतावनी दी गई कि शराब के ब्रांड के नकली लेबल या उनकी नकल छापने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पन्ना वृत्त की कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय, आबकारी आरक्षक स्मिता ठाकुर, उमाशंकर साहू, नगर सैनिक मोतीलाल प्रजापति और आकाश साहू शामिल रहे। वहीं पवई वृत्त की कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक हरीश पाण्डेय, आबकारी आरक्षक सोनू कोरकू, कुलदीप जाटव तथा नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, कौशल्या बाई और राजेश पटेल की भूमिका रही।




