पटवारी सुरेंद्र श्रीवास्तव पर हमले के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
श्रीजी होटल में एंट्री और किराया मांगने पर हुआ था विवाद

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी अमानगंज पुलिस
पन्ना/अमानगंज। अमानगंज कस्बे में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव के पिता एवं पटवारी सुरेंद्र श्रीवास्तव के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को करीब एक किलोमीटर पैदल ले जाकर घटनास्थल श्रीजी होटल तक लेकर पहुंची। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, श्रीजी होटल में रजिस्टर में एंट्री करने और निर्धारित किराया मांगने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद गाली-गलौज करते हुए करीब आधा दर्जन युवकों ने सुरेंद्र श्रीवास्तव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
विक्की बुंदेला और छोटा विक्की परमार गिरफ्तार
अमानगंज थाना प्रभारी हेमंत नायक के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्की बुंदेला निवासी ककरा और छोटा विक्की परमार निवासी पवैया को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले से जुड़े आकाश भर्मूजा और राजा जी निवासी छतरपुर के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही गई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल श्रीजी होटल तक लेकर पहुंची और घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की। आरोपियों को पैदल घटनास्थल तक ले जाने की कार्रवाई कस्बे में चर्चा का विषय बनी रही। थाना प्रभारी हेमंत नायक के नेतृत्व में अमानगंज पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचना जारी है और फरार आरोपियों की तलाश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




