करियरपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण अंतर्गत विद्यार्थियों को किया गया विधिक रूप से जागरूक

बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच एवं स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

पन्ना:  मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पन्ना शरत चन्द्र सक्सेना के निर्देशानुसार व जिला न्यायाधीश तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अवधेश कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता प्रदान की गई।अभियान के तहत जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन द्वारा डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल पवन पाण्डेय के साथ जिले के चार शासकीय विद्यालयों क्रमशः शासकीय प्राथमिक शाला नयापुरवा, शासकीय माध्यमिक शाला मनौर, शासकीय माध्यमिक शाला जरुआपुर और शासकीय प्राथमिक शाला गुड़याना का भ्रमण किया गया। इस दौरान विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित विभिन्न विधिक प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई।


विद्यालय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012, बाल अधिकार, भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्त्तव्य, गुड टच एवं बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण एवं उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी असहज अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित प्राधिकरण को इसकी जानकारी देना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, स्वच्छता, विद्यालय परिसर की स्थिति एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं एवं अनुभवों के संबंध में चर्चा की गई।
भ्रमण के दौरान मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रेषित निर्धारित विजिट प्रोफार्मा के अनुसार संबंधित विद्यालयों की आवश्यक जानकारी संकलित कर प्रोफार्मा भरा गया, जिससे विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं एवं बच्चों के हितों से संबंधित आवश्यक तथ्यों का अभिलेखीकरण किया जा सके। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलंटियर्स लोकेश रैकवार एवं आसिफ द्वारा भी जिले के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें विधिक रूप से जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, सम्मान एवं संरक्षण प्राप्त करने का अधिकार है। बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों का संरक्षण केवल परिवार एवं विद्यालय की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण अथवा उत्पीड़न की जानकारी होने पर उचित माध्यम से इसकी सूचना देना तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा की स्थिति का जायजा लेना, उन्हें विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पन्ना द्वारा अभियान के माध्यम से बच्चों तक विधिक जागरूकता पहुंचाने एवं उनके सुरक्षित, संरक्षित तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button