तकनीकीपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी सलामी, वीरों के बलिदान को याद कर नम हुईं आंखें

नक्सली मुठभेड़ में शहीद करण सिंह बघेल की धर्मपत्नी को किया सम्मानित

पन्ना। कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन पन्ना स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शहीद परेड का आयोजन कर वीर जवानों को सलामी दी गई। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिसकर्मियों ने मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक आदित्य मिश्रा ने किया। परेड के दौरान पुलिस बल की टुकड़ियों ने अनुशासित ढंग से वीर शहीदों को सलामी दी और देश एवं समाज की सुरक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1994 में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए विशेष सशस्त्र बल की 9वीं बटालियन रीवा के एपीसी करण सिंह बघेल को विशेष रूप से याद किया गया। वे बालाघाट में तैनाती के दौरान नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उनकी स्मृति में पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने शहीद की धर्मपत्नी को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीद जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर उमराव सिंह मरावी, दक्षिण वनमंडल के डीएफओ धीरेन्द्र प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चैहान, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नगरपालिका परिषद पन्ना की अध्यक्ष मीना पाण्डेय सहित जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी, पुलिस बल के सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रमोद अवस्थी ने किया। समारोह के समापन पर सभी ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों के अमर बलिदान को नमन करते हुए उनकी स्मृतियों को सदैव जीवित रखने का संकल्प दोहराया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button