पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

राजस्व कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, तीन तहसीलदार और नायब तहसीलदार को नोटिस

स्वामित्व योजना की धीमी प्रगति पर कार्रवाई

पन्ना। राजस्व मामलों के निराकरण और राजस्व वसूली में धीमी प्रगति को लेकर कलेक्टर हर्ष सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने तीन तहसीलदार और एक नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और राजस्व वसूली में प्रतिदिन प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में निशुल्क रजिस्ट्री के कार्य में धीमी प्रगति मिलने पर तहसीलदार अमानगंज ममता मिश्रा, तहसीलदार गुनौर हेमंत कुमार अवधिया, तहसीलदार रैपुरा रामकलेश साकेत और नायब तहसीलदार शाहनगर सुंदरलाल वर्मा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही करने वाले पटवारियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने आरसीएमएस पोर्टल के माध्यम से ही राजस्व न्यायालयों में पेशी की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में राजस्व न्यायालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और वहां पारित आदेशों की भी जांच होगी। एक-दो वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करने के निर्देश दिए गए। इनमें नियमानुसार अंतिम आदेश पारित करने अथवा प्रकरण खारिज करने की कार्रवाई शामिल है। अपीलों और भूमि आवंटन से संबंधित लंबित मामलों को भी जल्द निपटाने पर जोर दिया गया। 19 नवंबर को प्रस्तावित मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक को देखते हुए पीएम किसान सम्मान निधि और राजस्व वसूली के कार्यों में रोजाना प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम को नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटवारियों की बैठक लेने और उनके दैनिक कामकाज की निगरानी करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button