किसानों के उत्पीड़न और अवैध उत्खनन के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने सौंपा ज्ञापन

पन्ना। समाजवादी पार्टी की पन्ना जिला इकाई ने किसानों की समस्याओं, वन विभाग की कार्यप्रणाली, अवैध उत्खनन और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अजयगढ़ तहसील के ग्राम पेराहा में वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा पटेल समाज के ग्रामीणों से मारपीट की गई, जिसमें 20 से अधिक लोग घायल हुए। पार्टी ने संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने तथा वर्षों से भूमि पर खेती कर रहे पात्र किसानों को नियमानुसार पट्टे प्रदान करने की मांग की। पार्टी ने ग्राम जूड़ा मड़ैयन के पिपरहा टोला में प्राथमिक शाला एवं आबादी क्षेत्र के समीप कथित अवैध पत्थर उत्खनन और ब्लास्टिंग पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा सलेहा क्षेत्र के बछोन बीट स्थित प्राचीन गोंडवाना कालीन धरोहर गढ़िया खेरवा में वन विभाग द्वारा कथित अवैध उत्खनन की पुरातत्व एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से जांच कराने की मांग की गई। समाजवादी पार्टी ने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, चैबीस घंटे बिजली देने और अजयगढ़ क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन बंद कराने की मांग की। पार्टी ने मध्यप्रदेश में पिछड़े वर्ग को 52 प्रतिशत आरक्षण देने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा ईवीएम के स्थान पर मतपत्र से चुनाव कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की। इस दौरान जिलाध्यक्ष जयराम यादव, जिला प्रमुख सचिव महिपाल सिंह मरावी, जिला प्रवक्ता सतीश दुबे, विधानसभा अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह लोधी, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र लोधी, जिला महासचिव राजेंद्र सिंह यादव, गुनौर विधानसभा प्रभारी कमलेश सिंह यादव (बिट्टू पाल), राजा भैया लोधी, वृंदावन लोधी, रमेश सेन, पूर्व जिलाध्यक्ष दशरथ सिंह यादव, देशराज लोधी, जेपी लखेरा, रोहित दुबे, नारायण सिंह, गणपत यादव, कुसुमलाल, कोमल सिंह और कल्याण सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




