तकनीकीदेशपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

नाबालिग को डेढ़ लाख में बेचने और देह व्यापार में धकेलने का खुलासा

महिला सहित दो गिरफ्तार

पन्ना। जिले के सलेहा थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, उसके साथ यौन शोषण, खरीद-फरोख्त और जबरन देह व्यापार में धकेलने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में हुई कार्रवाई के संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि नाबालिग होने के बावजूद उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पीड़िता को कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये में दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। शिकायत के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने भी पीड़िता का यौन शोषण किया और बाद में उसे एक अन्य महिला को बेच दिया। आरोप है कि महिला ने ग्राम गंगानगर (नकटी) में पीड़िता को अपने कब्जे में रखकर उसकी इच्छा के विरुद्ध देह व्यापार में धकेल दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और इससे प्राप्त रकम भी महिला अपने पास रखती थी। पुलिस के अनुसार, अगस्त 2026 में दस्तयाबी के बाद सुरक्षित घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। उसकी रिपोर्ट पर सलेहा थाने में अपराध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2)(एम), 87, 98, 127(4), 144(1), 3(5), पॉक्सो अधिनियम की धारा 5एल/6 तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 5/6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चैहान एवं एसडीओपी गुनौर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शक्ति पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की सहायता से 24 अक्टूबर को एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया तथा घटना में शामिल महिला और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। उनके कब्जे से पीड़िता की कथित खरीद-फरोख्त से प्राप्त रकम में से 16 हजार 500 रुपये जब्त किए गए हैं। एक अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शक्ति पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक भैयामन सिंह, प्रधान आरक्षक विपिन पाण्डेय, धन सिंह, तेजवती, आदित्य कुशवाहा, आरक्षक गौरव सिंह, शैलेन्द्र अहिरवार, देवराज गौतम एवं महिला आरक्षक अपेक्षा द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button