तकनीकीपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

मझगाय बांध प्रभावितों के खातों में जल्द पहुंचेगी राशि

अजयगढ़। जनपद पंचायत अजयगढ़ की ग्राम पंचायत बनहरी में बुधवार, 14 अक्टूबर को तहसीलदार सुरेंद्र कुमार की उपस्थिति में विशेष ग्रामसभा आयोजित की गई। इसमें मझगाय बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों की पुनर्वास राशि से संबंधित प्रक्रिया पर चर्चा हुई। ग्रामसभा में शासन की पुनर्वास योजना के तहत चिह्नित 37 हितग्राहियों के नाम पढ़कर सुनाए गए। उपस्थित ग्रामीणों की ओर से सूची पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। विशेष ग्रामसभा के आयोजन के लिए ग्राम पंचायत द्वारा पहले ही मुनादी कराई गई थी। राजस्व विभाग ने भी कोटवारों के माध्यम से किसानों को सूचना दी थी। ग्राम पंचायत भवन में दोपहर तीन बजे शुरू हुई ग्रामसभा में ग्रामीणों ने सहभागिता कर अपनी समस्याएं रखीं। तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुनर्वास राशि के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने वाले 37 हितग्राहियों की सूची का ग्रामसभा में वाचन किया गया। इस दौरान किसी प्रकार की आपत्ति सामने नहीं आई। सूची की एक प्रति ग्राम पंचायत भवन तथा दूसरी गांव के सार्वजनिक स्थल पर चस्पा की गई है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातों में शीघ्र राशि अंतरित की जाएगी। ग्रामसभा के दौरान कुछ किसानों ने खाद पंजीयन और फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी समस्याएं भी तहसीलदार के समक्ष रखीं। प्रशासन के अनुसार, इन समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, जल संसाधन विभाग के हजारीलाल प्रजापति, दिलीप कौरी, हीरालाल, राजस्व एवं जल संसाधन विभाग का अमला, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button