पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कसागर संभाग

पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों का सात दिवसीय शिविर संपन्न

21 हाथियों को खिलाए गए पसंदीदा पौष्टिक खाद्य पदार्थ

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता परिक्षेत्र स्थित हाथी कैंप में आयोजित सात दिवसीय हाथी पुनर्योवनीकरण कार्यक्रम का अंतिम दिन आयोजन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में इस बार 21 हाथियों ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान नर, मादा और शावक हाथियों को एक साथ रखा गया और उनके स्वास्थ्य एवं शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया गया। सात दिनों तक चले कार्यक्रम के दौरान हाथियों को उनकी पसंद के विभिन्न खाद्य पदार्थ प्रचुर मात्रा में खिलाए गए। इनमें सेब, तरबूज, केला, गुड़ के लड्डू, गन्ना और पौष्टिक दलिया शामिल रहे। विशेष आहार के माध्यम से हाथियों को बेहतर पोषण देने के साथ उनकी शारीरिक स्थिति को मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी तथा जबलपुर वेटरनरी कॉलेज से आए विशेषज्ञ दल ने सभी हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक नमूने भी एकत्र किए गए, ताकि हाथियों के स्वास्थ्य की वैज्ञानिक तरीके से निगरानी की जा सके। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से हाथियों की शारीरिक स्थिति और फिटनेस का आकलन किया गया। शिविर के दौरान हाथी महावतों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महावतों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समापन कार्यक्रम में पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक, वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, जबलपुर वेटरनरी कॉलेज के विशेषज्ञ दल, सहायक संचालक पन्ना, सहायक संचालक मंडला, अधीक्षक केन घड़ियाल खजुराहो, विभिन्न परिक्षेत्रों के अधिकारी, वन अमला, हाथी महावत तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंच और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हाथियों के संरक्षण, स्वास्थ्य और बेहतर प्रबंधन को लेकर वन विभाग की गतिविधियों को भी लोगों ने करीब से देखा। वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग के लिए यह आयोजन हाथियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button