भुजवई में चंडी माता मंदिर के शेड और कटर्रा में स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण
विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने किया कन्या पूजन, 68 लाख रुपये के निर्माण कार्य क्षेत्रवासियों को समर्पित

पन्ना/अजयगढ़। पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने अजयगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम भुजवई में चंडी माता मंदिर परिसर में तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया। नवरात्रि के अवसर पर उन्होंने मां चंडी की पूजा-अर्चना एवं कन्या पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
विधायक ने कहा कि धार्मिक स्थल हमारी आस्था और सामाजिक एकता के केंद्र हैं। मंदिर परिसर में शेड बनने से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सुविधा मिलेगी।
इसके बाद उन्होंने धरमपुर तहसील के ग्राम कटर्रा में 65 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि लोगों को उपचार और चिकित्सकीय परामर्श के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर आमजन के जीवन को बेहतर बनाना है। विधानसभा क्षेत्र में जनहित के कार्य निरंतर आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
कार्यक्रमों में सीता गुप्ता, मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र लोधी, हनुमंत प्रताप सिंह रजऊ राजा, कौशल किशोर लोधी, रामायण लोधी, मनोज सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधायक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।



