कुआं ताल बनौली में 62 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे मंगलगीत, मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के तहत हुआ आयोजन

पवई। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत शुक्रवार को पवई जनपद पंचायत क्षेत्र के कुआं ताल बनौली स्थित मां कंकाली मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, विवाह की रस्मों और खुशियों के बीच 62 जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने के संकल्प के साथ नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में वर-वधुओं के परिजनों और बारातियों की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर उत्सवी माहौल नजर आया। कार्यक्रम का आयोजन पवई विधायक प्रह्लाद सिंह लोधी के सानिध्य में किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे पुष्पराज सिंह ने मां सरस्वती एवं मां कंकाली के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत पवई की अध्यक्ष श्रीमती मोहनी आनंद मिश्रा ने की। समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष बसंत दहायत ने वधू पक्ष की ओर से आत्मीयता के साथ बारातियों का स्वागत किया। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की। जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल बनने के साथ सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दे रही है
। एक ही परिसर में 62 जोड़ों का विवाह संपन्न होना क्षेत्र के लिए विशेष अवसर रहा। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामूहिक सहयोग और सामाजिक भागीदारी से बेटियों के विवाह जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को गरिमापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सकता है। कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश उपाध्याय एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) समीक्षा जैन के मार्गदर्शन में किया गया।




