भक्ति रस में सराबोर हुआ मंदिरों का शहर पन्ना, निकली तेरस की सवारी
प्राचीन खेजड़ा मंदिर से निकली श्री जी की भव्य सवारी

साधु-संतों के साथ देश-विदेश से पहुंचे हजारों सुंदरसाथ
पन्ना। भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर मंदिरों के शहर पन्ना में शुक्रवार शाम आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के पावन अवसर पर प्राचीन खेजड़ा मंदिर से अखंड मुक्तिदाता महामति श्री प्राणनाथ जी की भव्य सवारी निकाली गई। सवारी में देश-विदेश से आए हजारों सुंदरसाथ के साथ साधु-संतों ने सहभागिता की। भजन-कीर्तन, जयकारों और श्री जी के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। शुक्रवार शाम पांच बजे खेजड़ा मंदिर से विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ श्री जी की सवारी प्रारंभ हुई। दिव्य सवारी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से सुंदरसाथ पन्ना पहुंचे। वहीं अमेरिका, कनाडा और नेपाल सहित विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने भी सवारी में शामिल होकर अपनी श्रद्धा और भक्ति अर्पित की। साधु-संतों की उपस्थिति ने आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया। श्री जी की सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ी तो जगह-जगह श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने आरती उतारकर श्री जी के प्रति श्रद्धा प्रकट की।
पुष्पवर्षा कर सवारी का अभिनंदन किया गया। देश-विदेश से आए सुंदरसाथ का भी आत्मीय स्वागत किया गया। भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालु और श्री जी के जयकारे लगाते भक्त नगर के धार्मिक वातावरण को और अधिक भावमय बनाते रहे। पन्ना में श्री जी की तेरस की सवारी का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। प्रणामी धर्म की परंपरा में इसे सद्गुरु महामति श्री प्राणनाथ जी के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समर्पण प्रकट करने का विशेष अवसर माना जाता है। मान्यता है कि बुंदेलखंड केशरी महाराजा छत्रसाल ने सद्गुरु के सम्मान में इस परंपरा का शुभारंभ किया था। तभी से यह आयोजन शरद पूर्णिमा महोत्सव की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है। श्री जी की यह भव्य सवारी श्रद्धालुओं के लिए केवल एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि गुरु-भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और प्रेम-सद्भाव का जीवंत उत्सव है। इस अवसर पर पन्ना की धरती देश-विदेश से आए सुंदरसाथ की श्रद्धा से सराबोर नजर आई।




