देवेंद्रनगर में जगह-जगह विराजीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं, मध्यरात्रि तक गूंज रहे भजन-कीर्तन

देवेंद्रनगर। शारदेय नवरात्रि पर्व के अवसर पर देवेंद्रनगर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में मां दुर्गा की भक्ति की धूम मची हुई है। 11 अक्टूबर से प्रारंभ हुई नवरात्रि के दौरान कस्बे में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। आकर्षक साज-सज्जा और मनमोहक झांकियों से सजे दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
पूरे नगर में दिनभर धार्मिक गीतों, भजनों और कीर्तन की गूंज सुनाई दे रही है।शाम होते ही विभिन्न दुर्गा पंडालों में आयोजन समितियों के कार्यकर्ता ढोलक और मंजीरों की थाप पर भजन-कीर्तन करते हैं। इसके बाद विधि-विधान से मां दुर्गा की आरती की जाती है। इन धार्मिक आयोजनों में महिलाएं भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। देर रात तक श्रद्धालु मां जगदंबा की आराधना में लीन रहते हैं। वहीं, भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की भक्ति से भी नगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

जगह-जगह सजे आकर्षक दुर्गा पंडाल
नगर के बस स्टैंड पर कमांडो क्लब द्वारा पांच प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा पन्ना रोड पर जवाहर ज्योति क्लब, पन्ना बैरियर के पास सरस्वती क्लब, सलेहा रोड पर स्टीमेट क्लब और मां मनसा क्लब सहित पशु चिकित्सालय के सामने, नगर परिषद परिसर,पावर हाउस चांदनी चैक के पास, बमुरी, बड़ौरा, राणा कॉलोनी, विरवाही मोड़, कृषि उपज मंडी के समीप, सतना रोड स्थित सोनी धर्मशाला,सार्वजनिक सेवा समिति, अन्वी रिसॉर्ट के सामने तथा सिसौदिया मोहल्ले सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आकर्षक दुर्गा पंडाल सजाए गए हैं। इन पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।

मां मनसा क्लब में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन
सलेहा रोड स्थित मां मनसा क्लब के अध्यक्ष निक्की जायसवाल द्वारा हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नवरात्रि के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। श्रीधाम वृंदावन बड़ागांव से पधारे कथावाचक सत्यम कृष्ण ठाकुर महाराज के मुखारविंद से भागवत कथा का रसपान करने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा का आयोजन दोपहर 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जा रहा है। कथा स्थल पर श्रद्धालु भक्ति भाव से भगवान की लीलाओं का श्रवण कर रहे हैं।

रामलीला के मंचन से जीवंत हो रहा प्रभु श्रीराम का चरित्र
नगर दशहरा उत्सव समिति एवं चैमुखनाथ आदर्श रामलीला मंडल, गंज सलेहा, जिला पन्ना के संयुक्त तत्वावधान में श्रीराम मंदिर परिसर में रामलीला का मंचन किया जा रहा है।
स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों द्वारा प्रतिदिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों और लीलाओं का मंचन किया जा रहा है। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस आयोजन से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को जानने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिल रहा है।

शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस मुस्तैद
नवरात्रि और आगामी दशहरा पर्व को देखते हुए नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव अपने पुलिस स्टाफ के साथ रात्रि गश्त कर रहे हैं। पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें। कुल मिलाकर, शारदेय नवरात्रि के नौ दिन देवेंद्रनगर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाए जा रहे हैं। मां दुर्गा की आराधना, श्रीमद्भागवत कथा, भजन-कीर्तन और रामलीला के आयोजनों ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया है।




