युवक की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम, कचरा घर के विरोध में प्रदर्शन
पवई के खमरिया में कचरा जलाने से प्रदूषण और बीमारियां फैलने का आरोप

पवई। पवई नगर के कचरा निष्पादन के लिए मोहन्द्रा मार्ग स्थित ग्राम पंचायत खमरिया में बनाए जा रहे कचरा घर का विरोध रविवार को उग्र हो गया। आदिवासी मोहल्ले के एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने बीच सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने कचरा घर से फैल रहे कथित प्रदूषण को युवक की मौत और क्षेत्र में बढ़ती बीमारियों से जोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि युवक की मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, नगर परिषद पवई द्वारा खमरिया क्षेत्र में कचरा निष्पादन के लिए कचरा घर का निर्माण कराया जा रहा है। यहां नगर से निकलने वाला कचरा डाला जाता है और उसे जलाए जाने की बात भी सामने आई है। ग्रामीण लंबे समय से इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। रविवार को ग्राम महेड़ा निवासी भाई लाल आदिवासी पिता मर्री आदिवासी 27 वर्ष की मौत के बाद परिजनों और खमरिया के ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने मोहन्द्रा मार्ग पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ।

कचरा घर से बीमारियां फैलने का लगाया आरोप
ग्रामीण शनि राजा सहित प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कचरा घर में कचरा जलाए जाने से आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कचरा घर की व्यवस्था का विरोध करते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही पवई तहसीलदार रत्न राशि पांडेय एवं थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा तथा समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमत हुए और मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका। फिलहाल युवक की मौत के कारण और कचरा घर से प्रदूषण संबंधी ग्रामीणों के आरोपों की आधिकारिक जांच एवं पुष्टि होना शेष है।




