पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पन्ना में बनेगा डायमंड पार्क और म्यूजियम, 32 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी हीरा नगरी की तस्वीर

ऐतिहासिक यादवेंद्र क्लब भवन में बनेंगी 10 गैलरियां, जनकपुर में स्थापित होंगी 126 औद्योगिक इकाइयां

पन्ना। हीरों की नगरी पन्ना को पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में डायमंड म्यूजियम और डायमंड पार्क विकसित करने की योजना बनाई गई है। करीब 32 करोड़ रुपये की इन दोनों परियोजनाओं से जिले की ऐतिहासिक हीरा विरासत को संरक्षित करने के साथ स्थानीय स्तर पर हीरा उद्योग को बढ़ावा देने की तैयारी है। पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह के प्रयासों से इन परियोजनाओं को गति मिलने की बात कही जा रही है। पन्ना के ऐतिहासिक यादवेंद्र क्लब भवन का करीब 19.39 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कर उसे डायमंड म्यूजियम के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित म्यूजियम में 10 गैलरियां बनाई जाएंगी। इनमें पन्ना के हीरों का इतिहास, खनन की परंपरा, भूगर्भीय विशेषताएं, हीरों की गुणवत्ता और कटिंग-पॉलिशिंग की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया जाएगा। पर्यटकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से आभूषण पहनने का वर्चुअल अनुभव भी उपलब्ध कराने की योजना है। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटक पन्ना की हीरा संपदा को करीब से जान सकेंगे। दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना पन्ना के जनकपुर में प्रस्तावित डायमंड पार्क है। करीब 12.50 हेक्टेयर क्षेत्र में 12.65 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस पार्क में 126 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना प्रस्तावित है। यहां हीरों की कटिंग, पॉलिशिंग और प्रसंस्करण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पन्ना की हीरा पहचान को केवल खनन तक सीमित न रखकर पर्यटन और उद्योग से जोड़ना है। डायमंड म्यूजियम से पर्यटकों को आकर्षित करने और डायमंड पार्क से स्थानीय युवाओं को हीरा उद्योग से जोड़ने की संभावनाएं बनेंगी। यदि योजनाएं निर्धारित स्वरूप में धरातल पर उतरती हैं तो पन्ना में रोजगार, व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिल सकती है। अब इन परियोजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन की प्रगति पर जिलेवासियों की नजर रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button