दुर्गा विसर्जन जुलूस में फायरिंग से मची अफरा-तफरी, युवक के सिर को छूकर निकली गोली, तीन घायल
अजयगढ़ के सिंहपुर गांव में विजयादशमी पर वारदात

अजयगढ़। विजयादशमी पर्व पर अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के बीच अचानक हुई गोलीबारी में तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक के सिर को छूकर गोली निकल गई, जबकि दो अन्य को छर्रे लगे हैं। घायलों को उपचार के लिए अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के अवसर पर सिंहपुर गांव में युवकों की टोली ढोल-नगाड़ों के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान जुलूस में अचानक विवाद की स्थिति बनी और एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर कट्टे से फायरिंग कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही जुलूस में शामिल लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। फायरिंग की इस घटना में सुनील नामक युवक के सिर को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं गोलीबारी के दौरान छर्रे लगने से सुरेंद्र और ठाकुरदीन भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन के दौरान हुई फायरिंग से गांव में तनाव और नाराजगी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई और अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस द्वारा गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फायरिंग के पीछे विवाद की वास्तविक वजह और घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में पुलिस की विस्तृत पुष्टि सामने आना शेष है।




