पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

कुदई की रोटियां खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोग बेहोश

बरतला गांव में रात के भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत

डायल 112 ने पहुंचाया अस्पतालय हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर

पन्ना। जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरतला गांव में गुरुवार रात एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों ने रात में भोजन के दौरान कुदई की रोटियां खाई थीं। कुछ ही देर बाद चारों की हालत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में सामान्य रूप से भोजन कर रहे थे। भोजन में कुदई की रोटियां भी शामिल थीं। खाना खाने के कुछ समय बाद ही परिवार के चार सदस्यों को परेशानी होने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत इतनी बिगड़ गई कि वे अचेत हो गए। अचानक हुई इस घटना से घबराए परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस सहायता के लिए डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने बिना देर किए चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पुष्पेंद्र सिंह के मुताबिक, भोजन करने के बाद ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी थी। प्रभावित लोगों की पहचान चंदन सिंह 80 वर्ष, उनकी पत्नी संपत बाई 63 वर्ष, पिंकी बाई 28 वर्ष और पुष्पेंद्र सिंह 33 वर्ष के रूप में हुई है। फिलहाल चारों का उपचार जारी है। हालांकि, चारों की तबीयत बिगड़ने के पीछे वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर भोजन से संबंधित परेशानी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन यह फूड पॉइजनिंग है या कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल यही बताया जा रहा है कि कुदई की रोटी के कारण ऐसा हुआ होगा। मामले में पड़ताल जारी है।
अक्सर खाई जाती है कूदई या कूंदो की रोटी
जानकार बताते हैं कि कुदई या कोंदू घास कुल के पौधे से मिलने वाले छोटे बीजों का पारंपरिक खाद्य है, जिन्हें आदिवासी समुदाय अनाज की तरह इस्तेमाल करते हैं। इन बीजों को इकट्ठा कर, साफ करके और पीसकर आटा बनाया जाता है, जिससे रोटियां तैयार की जाती हैं। बुंदेली शब्दकोश में कुदई को मोटे अनाज के रूप में दर्ज किया गया है और इसे कोदो, कुटकी तथा फिकरा से जोड़ा गया है। बुंदेलखंड के पारंपरिक खानपान के उल्लेख में भी कूदई का जिक्र मिलता है। कई बार इसे घांस की रोटी भी बोला गया है, जिसे लेकर खासा विवाद भी हुआ था। जिले में घांस की रोटी की खबर ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खिया बटौरी थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button